35000 किसान प्रतिभागी उन्नत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए किए जाएंगे प्रशिक्षित

देश

दिल्लीः कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राजस्थान के कोटा संभाग को कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उन्नत और अग्रणी बनाने के लिये दो दिवसीय कृषि महोत्सव-प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण का आयोजन दिनांक 24th-25thजनवरी 2023 को दशहरा मैदान, कोटा, राजस्थान में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरलाकृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री, भारत सरकार, श्री कैलाश चौधरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, राज्य मंत्री, भारत सरकार, डॉ. संजीव बलियान, कृषि एवं पशुपालन मंत्री, राजस्थान सरकार, श्री लालचंद कटारिया और राज्य मंत्री, सहकारिता विभाग, राजस्थान सरकार, श्री उदयलाल आंजना उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त केन्द्रीय सरकार, राज्य सरकार एवं भारतीय कृषि अनुसंधान के वरिष्ठ अधिकारी एवं लगभग 35 हज़ार किसान, कृषि स्टार्टअप, कॉर्पोरेट बैंकर्स, विस्तार कर्मी एवं निजी कृषि संस्थाओ के कर्मी भी उपस्थित रहेंगे|

इस कृषि महोत्सव में आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी स्टॉलों के द्वारा दी जाएगी| साथ ही निजी क्षेत्र की कृषि के विभिन्न आदानों की आपूर्ति से सम्बंधित कंपनियों/संस्थाओं भी अपने उत्पादों को स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे|

इस प्रदर्शनी में 150 स्टॉल किसानों को कृषि सम्बन्धी अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए लगाये जाएंगे| कृषि के क्षेत्र में स्टार्टअप की आवश्यकता को देखते हुए 75 स्टॉल स्टार्टअप के लगाये जाएंगेजो इस प्रदर्शनी की मुख्य विशेषताओं में से एक है|

इस महोत्सव के दौरान लगभग 5000 किसानों को कृषि, बागवानी एवं पशुपालन सम्बन्धी विषयों पर प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम भी दो सत्रों में आयोजित किया जा रहा है| किसानों के लाभ के लिए कृषि अवसंरचना निधि पर एक विशेष कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन में कृषि अनुसंधान संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि आंचलिक केन्द्रों के वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र के लगभग 35000 किसान प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस आयोजन की विशेषता इस बात से भी है कि इसमें कृषि की नई टेक्नोलॉजी और आधुनिक कृषि को अपनाने में रूचि रखने वाले किसानों का प्रतिभाग अधिक से अधिक संख्या में हो रहा है और खेती को और अधिक लाभप्रद व्यवसाय बनाने के लिए सभी जागरूक किसानों को उन्नत कृषि उत्पादन प्रणाली, नई कृषि टेक्नोलॉजी तथा उन्नत कृषि यंत्रों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित एवं प्रशिक्षित किया जा रहा है |

समापन समारोह में लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला के अलावा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार, श्री नरेंद्र सिंह तोमर, पशुपालन, मत्स्य पालन मंत्री, भारत सरकार, श्री पुरुषोत्तम रूपाला, कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री, भारत सरकार, सुश्री शोभा करंदलाजे एवं कृषि एवं पशुपालन मंत्री, राजस्थान सरकार, श्री लालचंद कटारिया भी उपस्थित रहेंगे। इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर किया जाना प्रासंगिक है और क्षेत्र के किसानों को सही दिशा देना महत्वपूर्ण है ताकि किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सके और खेती को टिकाऊ बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *