पटना म्यूजियम-बिहार म्यूजियम कनेक्ट होने से लोग एक साथ कर सकेंगे अवलोकन:नीतीश

देश

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बिहार संग्रहालय समिति की नवगठित शासी निकाय की प्रथम बैठक संपन्न

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में बिहार संग्रहालय समिति की नवगठित शासी निकाय की प्रथम बैठक संपन्न हुई।
बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने एक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शासी निकाय के विभिन्न एजेंडों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2020-2021 के वार्षिक प्रतिवेदन में बिहार संग्रहालय से संबंधित जानकारी, संग्रहालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम, प्रकाशन, दर्शकों के भ्रमण एवं वित्तीय लेखा से संबंधित जानकारी दी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष 07 अगस्त को बिहार म्यूजियम का स्थापना दिवस मनाया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार म्यूजियम एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का संग्रहालय है, जहां प्रतिदिन अनेक लोग यहां आते हैं। इस संग्रहालय का प्रबंधन और कार्यकलाप का संचालन बेहतर ढंग से करते रहें। बिहार म्यूजियम का डिजायन अंतरराष्ट्रीय टीम के द्वारा किया गया है। यह अद्भुत और विशिष्ट है। इस संग्रहालय का मेंटेनेंस महत्वपूर्ण है, इस पर विशेष ध्यान दें।
पटना म्यूजियम का भी विस्तार किया जा रहा है। पटना म्यूजियम और बिहार म्यूजियम को आपस में कनेक्ट किया जा रहा है, ताकि बाहर से आने वाले लोग दोनों म्यूजियम का एक साथ अवलोकन कर सकें।
बैठक में कला-संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. आलोक रंजन, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार, अपर मुख्य सचिव वित्त सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव संजीव हंस, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की सचिव बंदना प्रेयसी, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *