डुमरांव: स्थानीय जेनरेशन बीटा स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चे रहे, जिन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधा जी का मनमोहक रूप धारण कर वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने अपने-अपने खास और प्यारे अंदाज में झूले पर बैठकर आनंद लिया। बच्चों ने सुमधुर भजन गाकर पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। इस मनमोहक प्रस्तुति में विद्यालय के नितेश, रिद्धांश, अर्पिता, माहिरा, नव्या और अन्या सहित अन्य बच्चों ने बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया और राधा-कृष्ण की लीलाओं को जीवंत कर दिया।

इस खास मौके पर विद्यालय की निदेशिका प्रियंका सिंह ने बच्चों और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को भगवान श्रीकृष्ण के बताए गए धर्म, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमें श्री कृष्ण के जीवन से सीख लेते हुए प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने और बच्चों की तैयारी में विद्यालय की शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं में श्वेता रानी, प्रीति, ऋतु, रूपा, निधि, खुशबू और शिवानी मुख्य रूप से मौजूद रहीं और अंत तक बच्चों का उत्साहवर्धन करती रहीं।

