- मुख्यमंत्री ने हाजीपुर और सोनपुर के बाढ़ राहत शिविरों में कम्युनिटी किचन, भोजन वितरण काउंटर, निबंधन सह नियंत्रण कक्ष तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग रहने की व्यवस्था का निरीक्षण किया और लोगों से सीधे बातचीत की।
- आंगनबाड़ी एवं शैक्षणिक शिविरों का निरीक्षण कर बच्चों से पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और खान-पान के बारे में जानकारी ली।
- स्वास्थ्य शिविर में त्वरित इलाज सुनिश्चित करने तथा पशु चिकित्सा शिविर में पर्याप्त दवा और पशु चारा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
- बाढ़ में डूबने से हुई मृत्यु के मामलों में मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।
- फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को समुचित मुआवजा दिया जायेगा।
पटना 07 सितम्बर 2026 :- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वैशाली एवं सारण जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हाजीपुर और सोनपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे लोगों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
वैशाली जिले में गंगा ब्रिज थाना के सामने संचालित बाढ़ राहत शिविर में मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन वितरण काउंटर और निबंधन सह नियंत्रण कक्ष में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों को भोजन परोसा। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता देखी और शिविर में रह रहे लोगों से पूछा कि उन्हें भोजन एवं अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है। लोगों ने बताया कि शिविर में अच्छी व्यवस्था है और उन्हें पर्याप्त भोजन मिल रहा है।

