- “केरवा जे फरेला घवद से…” की गूंज से श्रद्धालुओं का मन भावविभोर हुआ
पटना, 14 नवम्बर 2026- लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना के पावन अवसर पर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. डॉ. रणबीर नंदन के आवास पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
प्रो. रणबीर नंदन के छोटे भाई रणधीर नंदन की पत्नी मोनिका नंदन ने विधि-विधान पूर्वक खरना का व्रत रखा। दिनभर निर्जला उपवास के बाद संध्या बेला में उन्होंने गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद बनाकर पहले छठी मैया को भोग लगाया और फिर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद से उनका 36 घंटे का निर्जला महाव्रत प्रारंभ हो गया।
खरना प्रसाद ग्रहण करने के लिए आवास पर कई गणमान्य लोग, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा-जदयू के कार्यकर्ता पहुंचे। सभी ने खरना का प्रसाद ग्रहण कर व्रती का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर प्रो. रणबीर नंदन ने कहा, “खरना छठ महापर्व की आत्मा है। शुद्धता और संयम का यह व्रत हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति में ही शक्ति है। मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूँ कि वे सभी व्रतियों का व्रत पूर्ण करें और बिहार में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखें।”
पूरे आवास परिसर में छठ के पारंपरिक गीतों “केरवा जे फरेला घवद से…” की गूंज से श्रद्धालुओं का मन भावविभोर हो गया।

