बिहार की जातीय जनगणना देश में बनेगी नजीर, देश का नेतृत्व करेंगे नीतीश : डॉ. रणबीर नंदन

देश

पटना सिटी के अरोड़ा हाउस में पटना महानगर जदयू की बैठक हुई। बैठक में 24 जनवरी को होने वाले कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर चर्चा हुई। इस बैठक में जदयू के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधान पार्षद डॉ. रणबीर नंदन ने कहा कि श्रद्धेय कर्पूरी ठाकुर जी एक ऐसे समाजवादी नेता के रूप में याद किए जाते हैं, जिनकी कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं था। उन्हें भीड़ का आदमी कहा जाता था। उनका जीवन खुली किताब थी, जिसे कोई भी पढ़ सकता था। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनकी सादगी, अप्रतिम थी और उन्होंने हमेशा वंचित तबके का भला किया और वो भी बिना किसी भेदभाव के। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी भी कर्पूरी ठाकुर जी के आदर्शों को मानने वाले हैं, पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।

डॉ. नंदन ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास की बात करते थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी भी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रहे हैं। इस मामले में बिहार में हो रही जातीय जनगणना एक नजीर बनेगी। इस जनगणना के आंकड़ें आने के बाद विकास की योजना में सभी का समावेश संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के कार्यों ने विकास की लंबी लकीर खिंची है। जातीय जनगणना के नतीजे आने के बाद विकास का पूरा हिस्सा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि बिहार में हो रही जातीय जनगणना इस देश में नई सामाजिक क्रांति का द्योतक बनेगी। यह सामाजिक क्रांति समाज के उन पिछड़ों तक विकास पहुंचाएगी जो छूटे हैं या पूरी तरह लाभान्वित नहीं हैं। बिहार में जातीय जनगणना के नतीजे जारी होने के बाद यह देश भर में मांग उठेगी। बिहार इस मामले में सभी राज्यों के लिए नजीर बनेगा क्योंकि बिहार ने केंद्र सरकार की मंशा पर पानी फेर दिया है। हमारी मांग तो देश भर में जातीय जनगणना की रही है लेकिन केंद्र ने मना कर दिया। तो बिहार सरकार ने अपने खर्चे पर इस गणना की शुरुआत की है। बिहार में इस गणना के पूरे होने के बाद दूसरे राज्यों में इस गणना की मांग उठेगी। जिसे टाल पाना भाजपा के कमजोर नेतृत्व के वश की बात नहीं होगी। क्योंकि इस जनहित और जनोपयोगी मुद्दे पर देश को हमारे नेता नीतीश कुमार का नेतृत्व स्वीकार होगा।

बैठक में तय हुआ कि पटना महानगर जदयू 24 जनवरी को होने वाले कर्पूरी जयंती कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए काम करेगा इस दौरान पटना महानगर अध्यक्ष आसिफ कमाल ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने का आवाहन किया। प्रवक्ता अनन्त अरोड़ा ने बताया जननायक कर्पूरी ठाकुर जी गरीबों के मसीहा थे। आज इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गुड्डू पाठक ने किया। संचालन मुकेश ठाकुर और विक्की निषाद ने किया। एक बैठक गुरु गाविंद सिंह सेक्टर में संजीव कुशवाहा की अध्यक्षता में भी हुई। आज इस बैठक को सफल बनाने मे पटना महानगर अध्यक्ष आसिफ कमाल, प्रवक्ता अनन्त अरोड़ा, राजकुमार पटेल,अंजनी पटेल,प्रमोद गुप्ता, विक्की निषाद, गुड्डू पाठक, संजीव कुशवाहा, प्रवीण चौधरी, आफताब गुड्डू, मनोज शर्मा, पूनम मेहता, रेणु कुशवाहा, लाजवंती देवी, सूरज ठाकुर, मो मुख्तार, पीयूष पांडे, संतोष अग्रहरि, मो जावेद, पप्पू पटेल, संजय कुमार, मनोज कुशवाहा, रामप्रवेश सिंह, राजेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *