मेथोडिस्ट स्कूल, बक्सर में पॉक्सो एक्ट पर विधिक जागरूकता शिविर सफलतापूर्वक संपन्न

देश


बक्सर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बक्सर द्वारा ” सुरक्षित बचपन अभियान” (26 से 31 अक्टूबर 2026) के तहत बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को मेथोडिस्ट स्कूल, बक्सर में बाल यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), 2012 पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विशेष न्यायाधीश, पॉक्सो एक्ट अमित कुमार शर्मा ने बच्चों को पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी और उन्हें सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया। मौके पर उन्होंने कहा कि बचपन जीवन का वह खूबसूरत और मासूम दौर होता है जहाँ बच्चे बिना किसी चिंता के खेलते, सीखते और सपने देखते हैं। लेकिन आज के समय में बाल मजदूरी, शोषण, हिंसा, बाल विवाह और शिक्षा से वंचित रहना हमारे समाज की एक कड़वी सच्चाई बन चुका है। एक स्वस्थ और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक बच्चे को एक सुरक्षित और संरक्षित बचपन देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। गरीबी और आर्थिक तंगी के कारण कई बच्चे कम उम्र में कारखानों, होटलों या घरों में काम करने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनका बचपन और शिक्षा दोनों छिन जाते हैं। आज भी बहुत से बच्चे प्राथमिक शिक्षा से वंचित हैं। बच्चों के साथ दुर्व्यवहार, ‘गुड टच-बैड टच’ संबंधी जागरूकता की कमी ऑनलाइन खतरों (सोशल मीडिया व इंटरनेट का दुरुपयोग) का खतरा बढ़ता जा रहा है। कम उम्र में शादी हो जाने से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास रुक जाता है।

सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करने के उपाय

  • परिवार की भूमिका: बच्चों की सुरक्षा की पहली शुरुआत उनके घर और परिवार से होती है। माता-पिता को अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए और संवाद का खुला माहौल रखना चाहिए।
  • शिक्षा और कानूनी जागरूकता: बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा कानूनों की जानकारी होनी चाहिए। किसी भी आपात स्थिति या संकट में तुरंत सहायता के लिए सरकारी चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 का उपयोग किया जा सकता है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों (जैसे कैलाश सत्यार्थी जी का बचपन बचाओ आंदोलन और सुरक्षित बचपन अभियान) को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
    इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता मनोज कुमार श्रीवास्तव और पीएलवी ब्रजेश कुमार उपस्थित रहे। प्राधिकार की ओर से कर्मचारी सुधीर कुमार, दीपेश कुमार श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार और सुनील कुमार भी मौजूद रहे।
    कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए माननीय न्यायाधीश ने इन विद्यार्थियों को सम्मानित किया:
    शुभम यादव (कक्षा 7)
    आकाश कुमार (कक्षा 9)
    वेदिका मिश्रा (कक्षा 7)
    वंशिका सिन्हा (कक्षा 7)
    श्रेया रानी (कक्षा 7)
    विद्यालय की प्राचार्या जैकलिन गार्डनर के साथ शिक्षक विकाश प्रकाश, साइमन दयाल, मो० दिलशाद, अजीत माइकल, सुनीता प्रसाद और रेणू वर्मा आदि सभी उपस्थित रहे। प्राधिकार ने कार्यक्रम में सहयोग के लिए विद्यालय परिवार का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *