चंद्रवंशी ललकार सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल सहित कई दिग्गज नेताओं ने लिया हिस्सा

देश

चंद्रवंशी समाज के लोग भाजपा के प्रति समर्पित : डॉ. दिलीप जायसवाल

भाजपा एक माला के समान, सभी समाज के लोगों को पिरोना चाहती है : सम्राट चौधरी

भाजपा में कार्यकर्ता बंधुआ मजदूर नहीं होते : विजय सिन्हा

पटना, 22 सितंबर। चंद्रवंशी चेतना मंच के तत्वाधान में आज पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित चंद्रवंशी ललकार सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री मंगल पांडे, सांसद संजय जायसवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की।

इस सम्मेलन में प्रदेश के सभी जिले से चंद्रवंशी समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में भाजपा के साथ देने की बात कही। सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह चंद्रवंशी ने किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि सम्राट जरासंध के वंशजों ने आज पटना में एकता दिखाई है। उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आप सभी भाजपा के साथ हैं, यह बड़ी खुशी की बात है।

उन्होंने कहा कि चंद्रवंशी समाज के लोग भाजपा के प्रति समर्पित रहे हैं और आगे भी रहेंगे।

उन्होंने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि भाजपा आज सभी लोगों की पसंद बन चुका है। उन्होंने इस दौरान भाजपा के सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इस पार्टी से जुड़ रहे हैं।

भारत सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि आज सनातन धर्म पर प्रहार करने का प्रयास किया जा रहा है। चंद्रवंशी समाज का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रवाद की विचारधारा को मजबूत करने में आपकी अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि चंद्रवंशी समाज सदैव भाजपा के साथ है।

इधर, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा समाज को जोड़ने वाली पार्टी है। यह पार्टी एक माला के समान है, जिसमें सभी समाज के लोगों को हम पिरोना चाहते है। यही कारण है कि हम सभी समाज के लोगों को सम्मान देते हैं।

उन्होंने राजद पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरी तरफ राजद में एक ओर राजा और रानी और दो राजकुमार और राजकुमारी हैं। यह पार्टी किसी अन्य लोगों की हो भी नही सकती है। आज भाजपा सभी समाज को लेकर आगे बढ़ रही है।

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता बंधुआ मजदूर नहीं होता बल्कि यह अपनी बात नेताओं के सामने अधिकार से रखता है और नेता भी उनकी बातों को धैर्यपूर्वक और गंभीरता से सुनता है।

उन्होंने कहा कि यह पार्टी की विशेषता है कि तुलसी के पत्ते की पवित्रता की तरह यहां कार्यकर्ता पवित्रता से राजनीति करते हैं। यहां के कार्यकर्ता न ठगी करते हैं और न उनका उस पर विश्वास रहता है।

सांसद डॉ . संजय जायसवाल ने वक्फ बोर्ड कानून को जल्द समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि यह कहीं से सही नहीं है।

इस चंद्रवंशी ललकार सम्मेलन कार्यक्रम में भाजपा के कई और नेता और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में चंद्रवंशी समाज के कई नेता सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल एवं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *