
डॉ. सुरेन्द्र सागर
भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार और पिछले लोकसभा चुनाव में कारकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रहे पवन सिंह को मनाने में मंगलवार को भाजपा सफल हो गई. नई दिल्ली स्थित रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर भाजपा के दो बड़े नेताओं की मौजूदगी में पवन सिंह की मुलाकात उपेंद्र कुशवाहा से हुई और पिछले लोकसभा चुनाव में हुई गलतियों को भुलाकर नई ऊर्जा के साथ एक साथ एनडीए के मंच पर आकर शाहाबाद और मगध क्षेत्र की सभी सीटों पर एनडीए की जीत का परचम लहरा देने का फैसला हो गया.उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर उनसे हुई मुलाकात के दौरान बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े और पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री और शाहाबाद और मगध क्षेत्र के चुनाव प्रभारी ऋतुराज सिन्हा मौजूद थे. ठीक एक दिन पहले सोमवार को इस मुलाकात की पटकथा लिख दी गई थी, जब ऋतुराज सिन्हा ने उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात कर पूरी रणनीति पर बातचीत कर ली थी.

भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के बिहार चुनाव का प्रभारी बन कर आने और फिर ऋतुराज सिन्हा के शाहाबाद और मगध क्षेत्र का चुनाव प्रभारी नियुक्त होने के बाद राज्य भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान के नेतृत्व में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा का यह पहला मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है. पवन सिंह को भाजपा में लाने की पहल करके उन्होंने शाहाबाद और मगध की 48 विधानसभा सीटों को साधने की कोशिश की है. एक तरह से इंडी गठबंधन और विपक्ष का शाहाबाद और मगध क्षेत्र में सर्जिकल स्ट्राइक कर दिया गया है.नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में संगठन और चुनाव का सफल संचालन कर फिर द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति चुनाव का सफल प्रबंधन करने वाले ऋतुराज सिन्हा को भाजपा के भीतर बिहार का चाणक्य माना जाता है. उन्होंने जहां जोर लगाया वहीं जीत का सफर शुरू हो जाता है. भोजपुर के तरारी उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विशाल प्रशांत को जिताने और शाहाबाद में हासिये पर चली गई भाजपा को तरारी जीत के साथ पूरे देश को जीत का संदेश देने की ऋतुराज सिन्हा ने न सिर्फ रणनीति बनाई बल्कि चुनाव को जीतने के लिए गांव गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं को “बूथ जीतो -चुनाव जीतो” जीत का मंत्र भी दिया.परिणाम हुआ कि तरारी में लगातार हार रही भाजपा की शानदार जीत हुई.

अब शाहाबाद और मगध का चुनाव प्रभारी बनने के तुरंत बाद ऋतुराज सिन्हा ने इंडी गठबंधन को पहला और तगड़ा झटका दिया है.भोजपुर और शाहाबाद में पवन सिंह की भाजपा में पुनर्वापसी की खूब चर्चा हो रही है. खासकर सोशल मिडिया पर पवन सिंह को बधाई देने वालों की बाढ़ आ गई है.
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और पवन सिंह के मधुर संबंधो के कारण हुई इस पहल का भाजपा और एनडीए को लाभ मिलने जा रहा है.

बता दें कि साल 2017 में आज से आठ साल पहले भाजपा के संस्थापक सदस्य और तत्कालीन राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने अपने गृह जिले से सम्बन्ध रखने वाले पावर स्टार पवन सिंह को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराया था.उस समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पवन सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई थी और प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था.
तब से लेकर लोकसभा चुनाव -2024 के पूर्व तक पवन सिंह ने बतौर स्टार प्रचारक भाजपा के लिए बेहतरीन कार्य किया था.अब उनके आरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा भी तेज हो गई है.

भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने पवन सिंह के साथ मुलाकात के तुरंत बाद साफ कर दिया कि पवन सिंह भाजपा में थे, हैं और भाजपा में ही रहेंगे.

