NEET 2026: बिहार के परीक्षा केंद्रों के पास मठ-मंदिरों में मिलेगी मुफ्त जल, चना और गुड़, धार्मिक न्यास पर्षद की बड़ी पहल

देश

पटना। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET 2026 को लेकर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने राज्यभर के परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित प्रमुख मठों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों और धर्मशालाओं में परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क पेयजल, चना और गुड़ की व्यवस्था की जाएगी।
प्रो. नंदन ने कहा कि यह व्यवस्था विशेष रूप से उन मठों और मंदिरों द्वारा की जाएगी, जो परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित हैं, ताकि परीक्षा देने आने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भीषण गर्मी के बीच किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को राहत प्रदान करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि पटना के बांस घाट काली मंदिर की ओर से द्वारिका हाई स्कूल तथा बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल के समीप विशेष पेयजल व्यवस्था की जाएगी। वहीं, गर्दनीबाग प्रबंध न्यास समिति द्वारा पटना हाई स्कूल के पास तथा चितकोहरा गोलंबर स्थित गर्ल्स हाई स्कूल के समीप भी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए जल, चना और गुड़ की व्यवस्था की जाएगी।
प्रो. नंदन ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में देश के भविष्य का निर्माण करने वाले युवा शामिल होते हैं। ऐसे में सामाजिक और धार्मिक संगठनों का दायित्व है कि वे परीक्षार्थियों की बेहतरी के लिए आगे आएं और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए धार्मिक न्यास पर्षद सदैव तत्पर रहा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के मानवीय कार्य जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज का दायित्व है। पर्षद के इस निर्णय से हजारों परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित प्रमुख परीक्षा केंद्रों, जिनमें बी.एन. कॉलेज, पटना साइंस कॉलेज, पटना कॉलेजिएट स्कूल, बी.एन. कॉलेजिएट स्कूल, पटना मुस्लिम साइंस कॉलेज (पीपीयू), सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल, बांकीपुर गर्वमेंट गर्ल्स हाई स्कूल, गर्वमेंट गर्ल्स हाई स्कूल बोरिंग रोड, मिलर हाई स्कूल, टीपीएस कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, पटना विमेंस कॉलेज तथा बापू परीक्षा परिसर शामिल हैं, वहां आने वाले परीक्षार्थियों को भी इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
पर्षद द्वारा जिन प्रमुख धार्मिक स्थलों और केंद्रों पर यह व्यवस्था की जा रही है, उनमें श्री गरीब स्थान (मुजफ्फरपुर), श्री सोमेश्वरनाथ मंदिर, अरेराज (पूर्वी चंपारण), श्री जानकी स्थान, पुनौराधाम (सीतामढ़ी), कनीराम केजरीवाल ट्रस्ट (कैमूर), सलेमपुर ठाकुरवाड़ी (गया), श्री गौरी शंकर मंदिर, गायघाट (पटना), श्री हनुमान मंदिर, राजवंशी नगर (पटना), श्री विष्णु मंदिर, लॉ कॉलेज (पटना), श्री साई मंदिर, कंकड़बाग (पटना), श्री बुढ़ानाथ मंदिर एवं दल्लु बाबू धर्मशाला (भागलपुर), श्री बड़ा महावीर मंदिर, श्री जगन्नाथ मंदिर तथा श्री चंडी स्थान (मुंगेर), श्री राम जानकी मंदिर एवं श्री भारतमाता मंदिर (लखीसराय), शारदा विद्यापीठ (सीवान), श्री सिंहेश्वर मंदिर (मधेपुरा), श्री रक्त काली मंदिर (सहरसा), श्री देव सूर्य मंदिर (औरंगाबाद), हिन्दू जनता धर्मशाला (जहानाबाद), श्री बाबा पातलेश्वरनाथ मंदिर (वैशाली), मणीराम अखाड़ा (नालंदा), बाबा हरिगिर धाम एवं श्री नौलखा मंदिर (बेगूसराय), विक्रमादित्य मंदिर (वैशाली) तथा श्री महादेव मंदिर, सिमरिया (जमुई) सहित राज्य के कई अन्य धार्मिक स्थल शामिल हैं।
अंत में प्रो. नंदन ने राज्य की सभी मंदिर प्रबंध समितियों, स्थानीय स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं से इस सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की, ताकि नीट परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *