पटना: बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद प्रोफेसर रणवीर नंदन ने आज श्रावण माह की पहली सोमवारी, कृष्ण पक्ष पंचमी तिथि, को स्थित शिववास, में गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में विधि विधान से रुद्राभिषेक संपन्न किया एवं बिहार राज्य की उन्नति, समृद्धि की कामना की। प्रोफेसर नंदन ने कहा कि भगवान नारायण अषाढ़ शुक्ल पक्ष एकादशी तिथि को निद्रा में चले जाते हैं एवं कार्तिक शुक्ल पक्ष देवउठनी एकादशी को शयन से जागृत होते हैं। इस चातुर्मास में भगवान नारायण इस लोक का भार भगवान शंकर को सौंप देते हैं। इसलिए इन चारों माह के आराध्य देव भगवान शिव हैं। इसलिए इन चारों माह में भगवान शंकर की आराधना करने से सनातनियों को सभी सुख समृद्धि भक्ति प्राप्त होती है। जब समुद्र मंथन से हलाहल विष निकला तो भगवान शंकर ने जगत को बचाने हेतू हलाहल विष का पान किया और जगत को बचाया।हलाहल विष का पान करने से भगवान शिव के शरीर में ताप उत्पन्न हुआ,इसलिए इस ताप को ठंडा करने हेतू सावन मास में भगवान शंकर को जलाभिषेक किया जाता है। प्रोफेसर नंदन ने कहा है धार्मिक न्यास पर्षद के अंतर्गत पूरे बिहार में मठ मंदिरों में बड़े धूमधाम से श्रावण पर्व मनाया जा रहा है और सभी जनता से आग्रह है कि भगवान शंकर को पूरे सावन जलाभिषेक कर पुण्य प्राप्त करें।

