पटना: पूर्व विधान पार्षद व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. रणबीर नंदन ने तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला किया है। प्रो. नंदन ने कहा कि तेजस्वी यादव ने अपनी राजनीतिक विरासत में घोटाला और भ्रष्टाचार सीखा है और अपने राजनीतिक काल में फरेब और हवाबाजी सीख रहे हैं। प्रो. नंदन ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि अपने राजनीतिक राहुल गांधी से तेजस्वी यादव ने हवाहवाई शोशेबाजी की ट्रेनिंग ले रहे हैं। उन्हें आसमान से बिहार को देखने की सीख मिली है और वे वही कर रहे हैं।
प्रो. नंदन ने कहा कि तेजस्वी यादव एक्स वाले नेता हैं। एक्स डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव हमेशा एक्स (ट्विटर) पर ही रहते हैं। वहीं से समस्याएं सुनते हैं और वहीं से समाधान की गोली चला देते हैं। जनता से न उनका कोई सरोकार है और न ही जनता की परेशानियों का दर्द वे जानना-समझना चाहते हैं। तेजस्वी यादव आजकल वीडियो कॉलिंग कर रहे हैं और जनसमस्याओं को सुलझाने का दावा कर रहे हैं। बीपीएससी अभ्यर्थियों के दर्द को समझने का दावा करने वाले तेजस्वी यादव को न बीपीएससी अभ्यर्थियों का भाव समझ आएगा और न ही उनकी परेशानियां। क्योंकि उनके माता-पिता की सरकार में बीपीएससी जैसी संस्था, सिर्फ दिखावे के लिए ही थी।
प्रो. नंदन ने कहा कि राजद के कार्यकाल में बीपीएससी धांधलियों का प्रतीक बन गया था। उनके कार्यकाल में अति पिछड़ा वर्ग से 100 इंजीनियरों की भर्ती होनी थी, लेकिन लालू जी के दबाव में इसे पिछड़ा वर्ग से करवाया गया। इसके बाद इसका विरोध हुआ और तब पटना हाईकोर्ट ने बीपीएससी पर 35,000 रुपये का जुर्माना लगाया था। ऐसे कारनामों से राजद का कार्यकाल भरा पड़ा है। एनडीए के कार्यकाल में बीपीएससी ऐसी संस्था बनी है जो हर परीक्षा नियत समय पर कराती है और कहीं भी गड़बड़ी हो, हर अपराधी सजा पाने की लाइन में खड़ा कर दिया जाता है।
प्रो. नंदन ने कहा कि तेजस्वी यादव बरगलाने वाले नेता हैं। उनकी राजनीतिक शिक्षा का पूरा आधार ही झूठ, फरेब, भ्रष्टाचार और नकारात्मकता है। उन्हें सकारात्मक चीजों को पचाने में वक्त लगेगा।

