राजद और कांग्रेस के इरादे खतरनाक, घुसपैठियों को घुसाने की हो रही साजिश : नरेंद्र मोदी

देश

एनडीए ने ईमानदार और दूरदर्शी घोषणा पत्र दिया, जंगलराज वालो का घोषणा पत्र झूठ, छल कपट और लोगों की आँखों में धूल झोंकने वाला दस्तावेज:प्रधानमंत्री

डॉ. सुरेन्द्र सागर, आरा
भोजपुर के आरा हवाई अड्डा मैदान से भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शाहाबाद की सभी 22 सीटों पर एनडीए की जीत का आगाज किया। जय माँ काली बखोरापुर वाली और माँ आरण्यदेवी के जयघोष के साथ सभा स्थल पर उमड़े अपार जनसैलाब को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर बिहार में एनडीए की सरकार बनाने और बिहार के विकास की गति को तेज करने का लोगों से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार ही विकसित भारत का आधार है और मैं जब विकसित बिहार की बात करता हूं तो इसका अर्थ है बिहार का औद्योगिक विकास।बिहार के युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिले।आपका सपना हमार संकल्प ह,आपके बच्चन का भविष्य हमार जिम्मेदारी ह। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग इस बार एनडीए को रिकॉर्ड सीटें देने जा रहे हैं। ये जंगलराज वाले इस बार सबसे बड़ी करारी हार का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं। पुरानी पीढ़ी के साथ अब नई पीढ़ी ने भी ठान लिया है कि फिर एकबार एनडीए सरकार बनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित बिहार के लिए एनडीए ने एक ईमानदार और दूरदर्शी घोषणा पत्र दिया है। जंगलराज वालो ने अपने घोषणा पत्र को झूठ का,छल कपट का और लोगों की आँखों में धूल झोंकने वाला दस्तावेज बना दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओ के सशक्तिकरण के लिए और उन्हें लखपती दीदी बनाने के लिए योजनाएं बनाई गई है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत एक करोड़ तीस लाख बहनो के खाते में दस – दस हजार रुपया पहुँच चुका है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बिहार की महिलाओं को लाभ मिल रहा है.भोजपुर की भी चार लाख बहनो के खाते में पैसे आए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हम यहीं नहीं रुकने वाले हैं। 14 तारीख को चुनाव का परिणाम आएगा। एनडीए की सरकार बनेगी तो इन बहनो को मदद का एक और अभियान तेज गति से आगे बढ़ाया जायेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में बैठने वालों को यहां आकर देखना चाहिए कि हवा का रूख क्या है। बिहार में बड़ी कंपनियों के डाटा सेंटर बनेंगे। बिहार का युवा बिहार में रहते हुए ही दुनिया की कंपनियों के लिए काम करेंगे। एनडीए के संकल्प पत्र में गांव की समृद्धि के लिए एक सशक्त योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि अब हमलोग बिहार में फूड पार्क का विस्तार करने जा रहे हैं। छोटे किसानों को केंद्र सरकार छह हजार रुपया देती है। लेकिन बिहार की नई एनडीए सरकार अपनी तरफ से तीन हजार रुपये और बढ़ाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मोदी जब आपकी बातों को सुनता है तो सोता नहीं बल्कि जग जाता है। आपके कहने पर हमलोगों ने अरवा की जगह उसना चावल देना शुरू कर दिया। मोदी की गारंटी थी कि हर गरीब परिवार को पक्का घर मिलेगा। आप देखिए बिहार के 60 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर मिल गया है। इसके अलावा पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की कई विकास योजनाओं से लोगों को अवगत कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहीं नहीं रुके और उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की भी चर्चा कर डाली। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में देश की सेना की इतनी बड़ी सफलता कांग्रेस और राजद को पसंद नहीं आई। धमाके पाकिस्तान में हो रहे थे और नींद कांग्रेस के शाही परिवार की उड़ी हुई थी। आज तक कांग्रेस और राजद वाले ऑपरेशन सिंदूर के सदमे से बाहर नहीं निकल पाए। आज विकसित बिहार के संकल्प के साथ पूरा एनडीए एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है। उधर दूसरी तरफ कांग्रेस और राजद के अंदर घमासन मचा हुआ है। पीएम मोदी ने कहा कि आपको एक अंदर की बात बता रहा हूं। नामांकन वापस लेने से एक दिन पहले बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल खेला गया। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि सीएम पद पर राजद के उम्मीदवार का नाम तय हो। लेकिन राजद ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर सीएम पद चोरी कर ली। राजद और कांग्रेस में झगड़ा भयंकर बढ़ गया। घोषणा पत्र से लेकर प्रचार तक में राजद वालों ने कांग्रेस से कुछ भी नहीं पूछा। चुनाव के बाद यह लोग एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे। इसलिए हमेशा याद रखिए ऐसे लोग बिहार का भला कभी नहीं कर सकते हैं। एक तरफ सुशासन है। वहीं दूसरी तरफ जंगलराज का कुशासन। जंगलराज ने बिहार को खोखला कर दिया।पीएम मोदी ने कहा कि कट्टा, कटुता, क्रूरता, कुशासन और करप्शन ही जंगलराज की पहचान है। बेटियों से छेड़खानी, व्यापारियों से लूटपाट समेत सबकुछ राजद वाले मौका मिलते ही करने लगते हैं।नवंबर 2004 में तरारी ब्लॉक एक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर साहब बच्चों को पोलियों की ड्रॉप पिलवा रहे थे। जब वह रात को घर के लिए निकले तो रास्ते में हथियार बंद लोगों ने उनका अपहरण कर लिया। जंगलराज के दौरान ऐसे ही 37 हजार लोगों का अपहरण हुआ था। दूसरे के जीवन बचाने वाले डॉक्टरों को अपना जीवन बचाने के लिए बॉडीगार्ड लेकर चलना पड़ता था। सीएम नीतीश कुमार और एनडीए सरकार ने बहुत कोशिश करके उस मुश्किल दौर से बिहार को बाहर निकाला है। राजद ने तुष्टिकरण की राजनीति की। बिहार में जंगलराज लाया। वहीं कांग्रेस की पहचान सिखों के कत्लेआम से है। कांग्रेस के लोगों ने सिखों का नरसंहार किया था। आज भी कांग्रेस नरसंहार के आरोपियों को पूरे सम्मान के साथ अपनी पार्टी में आगे बढ़ा रही है। राजद और कांग्रेस को अपने किए गए कृत्यों का पछतावा नहीं है। राजद और कांग्रेस बिहार की पहचान खत्म करने में लगी हुई है। अब यह लोग घुसपैठियों को यहां घुसाने में लगे हैं।

विकसित बिहार ही विकसित भारत का आधार, बिहार का होगा औद्योगिक विकास:नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस वालों के इरादे बेहद ही खतरनाक हैं। इसलिए आपको इनसे सावधान रहना है। यह लोग सिफ जंगलराज की पाठशाला में पढ़कर निकले हैं। इनके कारण उद्योग बंद हो गए। फैक्ट्रियों में ताले गए गए। इनका रिकॉर्ड ही निवेशकों को भगाने का है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जब निवेशकों को लालटेन और लाल झंडा दिखेगा तो वह अपना पैसा लगाएगा क्या। निवेशक सिर्फ एनडीए सरकार ही ला सकती है। एनडीए सरकार विकास और विरासत दोनों को महत्व देते हुए आगे बढ़ रही है। हमारी सरकार बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्मस्थली का कायाकल्प करने जा रही है। जिन लोगों ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा में लगा दिया उसे कांग्रेस और राजद वालों ने कभी सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया। बाबू जगजीवन राम और सीताराम केसरी को भी कांग्रेस ने बेईज्जत किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस वालों ने पहले महाकुंभ का अपमान किया। अब छठ महापर्व को नौटंकी कह रहे हैं।उन्होंने जनसैलाब मे आए लोगों से पूछा कि आप बताइए कोई छठ महापर्व का अपमान कर सकता है क्या। बिहार की रफ्तार अब हमें रुकने नहीं देनी है। इस बार भोजपुर की हर सीट और हर बूथ पर एनडीए को विजयी बनाना है। इस बार छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में हमारे भाई-बहन घर आए हैं। उनसे आग्रह है कि अगर आपका मतदान सूची में नाम है तो आप मतदान करने के बाद ही वापस लौटें। पीएम मोदी ने सभी एनडीए प्रत्याशियों को मंच पर आगे बुलाया और उपस्थित जन समूह से उन्हें वोट देने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, यूपी सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, आरा के उम्मीदवार संजय सिंह टाइगर, बड़हरा के उम्मीदवार राघवेन्द्र प्रताप सिंह, तरारी के उम्मीदवार विशाल प्रशांत, शाहपुर के उम्मीदवार राकेश ओझा, जगदीशपुर के उम्मीदवार श्री भगवान सिंह कुशवाहा, अगियांव के उम्मीदवार महेश पासवान, संदेश के उम्मीदवार राधा चरण साह, ब्रम्हपुर के उम्मीदवार हुलाश पाण्डेय, डुमराँव के उम्मीदवार राहुल सिंह आरा के पूर्व विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह और रालोमो के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *