अब घर बैठे प्राप्त करें घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन

देश

पटनाः राज्य में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं उपभोक्ता अनुकूल बनाया गया है। अब आम नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे उन्हें पारंपरिक गैस सिलेंडर पर निर्भरता से मुक्ति मिलेगी और निरंतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
राज्य के पटना जिले में गेल, बांका जिले में एचपीसीएल, बेगूसराय जिले में थिंक गैस, गयाजी एवं नालंदा जिले में आईओएजीपीएल, दरभंगा, गोपालगंज, मधुबनी, पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण,शिवहर, सीतामढ़ी,सिवान, एवं सुपौल जिलों में बीपीसीएल तथा राज्य के शेष जिलों में आईओसीएल सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी के स्तर से घरेलू पीएनजी गैस कनेक्शन प्रदान की जा रही है। इच्छुक उपभोक्ता अपने जिले के संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निःशुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

 आवेदन के उपरांत उपभोक्ता को निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान प्रमाण एवं पता प्रमाण अपलोड करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सफल सत्यापन के बाद उपभोक्ता को एक यूनिक बीपी (बिजनेस पार्टनर) नंबर जारी किया जाएगा, जो आगे की सभी सेवाओं एवं बिलिंग प्रक्रिया के लिए आवश्यक होगा।
 घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को सुरक्षा जमा राशि के रूप में 4500/- (बिना ब्याज, रिफंडेबल) का एकमुश्त भुगतान करना होगा। इसके अतिरिक्त एक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ₹500/- (रिफंडेबल) जमा कर प्रतिदिन ₹1/- के किराया शुल्क पर भी कनेक्शन प्राप्त किया जा सकता है, जिसे बाद में पूर्ण ₹4500/- योजना में परिवर्तित किया जा सकता है।
  प्रक्रिया के अगले चरण में तकनीकी सर्वेक्षण के माध्यम से कनेक्शन की व्यवहार्यता का आकलन किया जाता है। स्वीकृति मिलने के पश्चात एमडीपीई पाइपलाइन द्वारा बाहरी नेटवर्क का विस्तार किया जाता है तथा जीआई/कॉपर पाइपिंग के माध्यम से गैस आपूर्ति उपभोक्ता के घर तक पहुंचाई जाती है। इसके साथ ही गैस मीटर, रेगुलेटर एवं पाइपिंग की फिटिंग, लीकेज परीक्षण एवं आवश्यक सुरक्षा जांच पूर्ण की जाती है।
    घरेलू गैस कनेक्शन सक्रियण के दौरान उपभोक्ता के मौजूदा एलपीजी स्टोव को पीएनजी उपयोग हेतु उपयुक्त बनाया जाता है तथा सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के बाद गैस आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाती है। घरेलू पीएनजी गैस कनेक्शन की पूरी प्रक्रिया पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित हो सके।
   घरेलू पीएनजी कनेक्शन उपलब्धता संबंधित क्षेत्र में सीजीडी नेटवर्क के विस्तार पर निर्भर करेगी। उपभोक्ता अपने जिले में कार्यरत संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी से संपर्क कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *