वित्तरहित शिक्षकों के वेतनमान पर जल्द होगी पहल, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन: प्रो.नवल किशोर यादव

देश

पटना: वित्तरहित शिक्षकों को वेतनमान लागू करने की मांग को लेकर शिक्षक नेता एवं विधान पार्षद प्रो. (डॉ.) नवल किशोर यादव के नेतृत्व में शिक्षक नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वित्तरहित शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और शीघ्र वेतनमान लागू करने का आग्रह किया।

मुलाकात के बाद प्रो. (डॉ.) नवल किशोर यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द वरिष्ठ अधिकारियों एवं शिक्षक प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वित्तरहित शिक्षकों को वेतनमान दिए जाने के विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रो. (डॉ.) नवल किशोर यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की भी इच्छा है कि शैक्षणिक क्षेत्र में कार्यरत वित्तरहित शिक्षकों के हितों की रक्षा हो तथा उन्हें वेतनमान उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक पहल की जाए।

गौरतलब है कि प्रो. (डॉ.) नवल किशोर यादव लंबे समय से वित्तरहित शिक्षकों को वेतनमान दिलाने की मांग को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने सड़क से लेकर सदन तक लगातार शिक्षकों की आवाज बुलंद की है और इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा है।

मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में विधान पार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव,विधान पार्षद डॉ. संजीव कुमार सिंह, विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा,विधान पार्षद संजय सिंह,विधान पार्षद अफाक अहमद,विधान पार्षद जीवन कुमार तथा विधान पार्षद
नीरज कुमार भी शामिल थे। शिक्षक नेताओं ने मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही वित्तरहित शिक्षकों के हित में ठोस निर्णय लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *