बुडको की परियोजनाओं में समयबद्धता, गुणवत्ता और तकनीक पर जोर

देश


एआई डैशबोर्ड से होगी मॉनिटरिंग, लंबित योजनाओं के लिए बनेगा वर्क प्लान

’‘टाइम, क्वालिटी और फिनिशिंग’ पर फोकस’
– नीतीश मिश्रा’


पटना, 01 सितंबर 2026:

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में आज बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) के कार्यालय में बुडको द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक में बुडको के प्रबंध निदेशक श्री अनिमेष कुमार पराशर द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, नमामि गंगे तथा जलापूर्ति योजनाओं सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई।

समीक्षा के दौरान मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने निर्देश दिया कि जिन जिलों में परियोजनाएं लंबित हैं, उनके लिए जिला एवं परियोजना-वार विस्तृत वर्क प्लान तैयार किया जाए। संबंधित एजेंसियों द्वारा कार्य पूर्ण करने की स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए तथा बुडको की टीम यह सुनिश्चित करे कि कार्य निर्धारित वर्क प्लान के अनुरूप आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना (MMSY) के अंतर्गत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की एवं नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। लंबित कार्यों की जीएमध्सीजीएम स्तर पर नियमित समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री ने निर्देश दिया कि बुडको की पाइपलाइन में चल रही योजनाओं को वर्तमान वित्तीय वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही टेंडर, कार्य आवंटन एवं अन्य प्रक्रियाओं को अनावश्यक विलंब के बिना निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में गुणवत्ता, बेहतर फिनिशिंग और निर्धारित समय-सीमा-तीनों को समान महत्व दिया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

मंत्री ने सभी निर्माण स्थलों पर कंस्ट्रक्शन प्रोटोकॉल, नियमित मॉनिटरिंग, ग्रीन नेट एवं बैरिकेडिंग की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसके लिए विशेष मॉनिटरिंग टीम गठित करने का निर्देश दिया।

श्री नीतीश मिश्रा ने बुडको के कार्यों में तकनीक के व्यापक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम एवं ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। इंजीनियरों एवं संवेदकों के लिए ऑनलाइन सिस्टम को सरल एवं यूजर फ्रेंडली बनाया जाए।

उन्होंने एमआईएस एवं पोर्टल पर अद्यतन डेटा, एआई आधारित डैशबोर्ड, इंजीनियरिंग रिपोर्ट, फाइल ट्रैकिंग एवं कॉन्ट्रैक्टर डेटाबेस को एकीकृत और टेक्नो-फ्रेंडली बनाने का निर्देश दिया, ताकि परियोजनाओं की प्रगति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और त्वरित निर्णय लेने में सुविधा हो।

मंत्री ने कहा कि बेहतर गुणवत्ता एवं समय-सीमा में कार्य करने वाले संवेदकों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाए, जबकि लगातार खराब प्रदर्शन या कार्य में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार डिबार की कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सतर्क एवं उत्तरदायी रहने का निर्देश दिया।

श्री मिश्रा ने बुडको के इंजीनियरों एवं तकनीकी कर्मियों के लिए एक्सपोजर लर्निंग, प्रशिक्षण एवं साइट विजिट को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं इंजीनियर देश के अन्य क्षेत्रों में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों एवं बेहतर निर्माण प्रणालियों का अध्ययन करें तथा उन्हें आवश्यकता के अनुरूप बिहार की परियोजनाओं में लागू करें। कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाए।

मंत्री ने राज्य के पर्यटन स्थलों एवं पर्यटन क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। परियोजनाओं की गुणवत्ता एवं प्रगति की जांच के लिए आवश्यकतानुसार जांच टीम गठित करने तथा राज्य के सभी 38 जिलों में बुडको के जिला कार्यालयों को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने नगर निगमों एवं नगर परिषदों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए यूएलबी के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

श्री नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करना विभाग एवं बुडको की सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीक, पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता को केंद्र में रखते हुए कार्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *