पटना। सामाजिक पहल के तहत पटना के बिग्रहपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भूमिहार समाज की 15 जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीनें वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत बिहार सरकार के पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा, समाज के प्रबुद्धजन राजकुमार सिंह, सुजीत जी, भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया, अनीता जी, संगीता कुमारी एवं इंदुबाला जी का अंगवस्त्र देकर स्वागत के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय ने किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज को ऐसे अभियानों से जुड़कर जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वरोजगार अपनाकर वे न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकती हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बन सकती हैं।
कार्यक्रम का संचालन भूमिहार महिला समाज की संस्थापक प्रीति प्रिया ने किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में गौरव राय का हमेशा सहयोग मिला है और आगे भी इसी तरह उनका साथ मिलता रहे, यही अपेक्षा है। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं की पहचान कर उन्हें पटना तक लाने में अनीता जी के योगदान की भी सराहना की।
गौरव राय ने बताया कि उन्होंने अपने परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया के सहयोग से इस अभियान के तहत 25 नई सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई हैं। इनमें से 15 मशीनों का वितरण इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा एवं अन्य अतिथियों के हाथों किया गया।
सिलाई मशीन प्राप्त करने वाली महिलाओं में अन्नू देवी, शुचि कुमारी, किरण कुमारी, पिंकी कुमारी, अर्चना देवी, सोनी कुमारी, शिवानी कुमारी, प्रीति कुमारी, ललिता देवी, मुन्नी देवी, पूनम देवी, रौशनी कुमारी, रेखा देवी, तन्नू देवी और डॉली देवी शामिल हैं। ये महिलाएं पटना, फुलवारीशरीफ, मुजफ्फरपुर, बाढ़, लखीसराय, समस्तीपुर, औरंगाबाद, बेगूसराय और वैशाली सहित बिहार के विभिन्न जिलों से हैं।
गौरव राय ने बताया कि बिना किसी एनजीओ के वे अपने सहयोगियों के साथ लगातार जरूरतमंद लोगों के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत अब तक पूरे बिहार में 340 सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से यह अभियान और तेज़ी से आगे बढ़ेगा तथा जल्द ही 25 और सिलाई मशीनों का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। वहीं प्रीति प्रिया ने सभी दानदाताओं एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

