श्रावणी मेला की भीड़ का फायदा उठा रहे अपराधी, पीड़ित ने बताया- FIR दर्ज कराने के बजाय दूसरे स्टेशन जाने की दी गई सलाह

देश

गया: गया जंक्शन पर ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला 12988 अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस का है, जहां 4 अगस्त को गया जंक्शन से ट्रेन खुलने के दौरान एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। पर्स में सोने की चेन, सोने की अंगूठी तथा लगभग 2200-2300 रुपये नकद रखे थे।
पीड़ित उमेश गुप्ता, जो पेशे से कैटरर हैं, अपनी पत्नी पुष्पा देवी के साथ किसी कार्य से यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे गया से रानीगंज जा रहे थे। इसी दौरान गया जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ने के समय उनकी पत्नी का पर्स चोरी हो गया।
उमेश गुप्ता के अनुसार, उन्होंने बताया कि गया में एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी। क्योंकि ट्रेन यहां से खुल चुकी थी। उनका कहना है कि रानीगंज स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट पर उनका नाम-पता और घटना का विवरण दर्ज कर लिया गया, जबकि अंडाल जीआरपी में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इतनी भागदौड़ करना उनके लिए संभव नहीं है और स्थानीय स्तर पर ही चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाए।
लगातार सामने आ रहे हैं चोरी और छिनतई के मामले
पिछले माह से लेकर अगस्त माह की शुरुआत तक चलती ट्रेनों में चोरी और छिनतई की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई यात्रियों ने गया जंक्शन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जबकि कुछ ने अपने गंतव्य स्टेशन पहुंचने के बाद संबंधित जीआरपी थानों में शिकायत दी। सूत्रों की मानें तो गत महीने यहां करीब 10 की संख्या में शिकायतें मिली तो नियमानुसार जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को संबंधित थाने के लिए अग्रसारित कर दिया गया है। जबकि एक यात्री के मोबाइल की चोरी की शिकायत यहां दर्ज कर ली गई है।
श्रावणी मेला की भीड़ का उठा रहे फायदा
इन दिनों श्रावणी मेला के कारण लगभग सभी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है। भीड़ प्रबंधन और अपराध नियंत्रण के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी एवं जवान तैनात हैं, जो यात्रियों को सतर्क रहने के लिए लगातार जागरूक भी कर रहे हैं।
इसके बावजूद अपराधी भीड़ का फायदा उठाकर ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय अथवा यात्रियों के सो जाने पर उनके सामान पर हाथ साफ कर रहे हैं। गया जंक्शन परिसर और प्लेटफॉर्म पर कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जा रही है, लेकिन चोरी की घटनाएं पूरी तरह थम नहीं सकी हैं।
पुलिस का दावा- अपराधियों पर रखी जा रही है कड़ी नजर
गया जंक्शन के एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए क्लॉक-वाइज सघन गश्त कराई जा रही है। चिन्हित गिरोहों की गतिविधियों पर लगातार आसूचना एकत्र की जा रही है तथा प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। बावजूद इसके, यात्रियों से अपील की जा रही है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *