सासाराम में आयोजित हुई वीकेएसयू के कर्मचारियों की बैठक, प्रोन्नती और अनुकम्पा समेत कई विन्दुओं पर हुई सार्थक चर्चा

देश

आरा कार्यालय
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के सासाराम स्थित शेरशाह महाविद्यालय में रविवार को वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा मुख्यालय एवं इसके अंतर्गत अधिसंख्य महाविद्यालय के सभी शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों के साथ ही प्रोन्नती के मामले को लेकर विचार विमर्श किया गया. बैठक में विस्तृत रूप से कर्मचारियों के हित से जुड़े कई विन्दुओं पर बातचीत हुई और इसके त्वरित समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं राज्य सरकार से मांग की गई.
कर्मचारियों ने प्रोन्नती, एसीपी,एमएसीपी का वेतन निर्धारण और लाभ, एसबी सिन्हा से आच्छादित कर्मियों को लाभ देने, सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृति की तिथि पर पेंशन का लाभ सुनिश्चित करने,दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को तत्काल अनुकंपा पर नौकरी देकर अन्य सभी लाभ देने की इस बैठक में मांग उठाई और इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन एवं सरकार से गंभीरता पूर्वक विचार करने की मांग की. बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों के द्वारा पूर्व में बीते सात अगस्त को महाराजा कॉलेज आरा में तथाकथित प्रक्षेत्र के द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में प्रक्षेत्र के द्वारा अल्पमत में लिए गए निर्णय की निंदा की गई और इनके कार्यशैली पर निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया. बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि विश्वविद्यालय मुख्यालय एवं सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के कुछ कर्मचारी द्वारा 12 अगस्त सोमवार को प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं तालाबंदी का कार्यक्रम अनैतिक है और यह पूरी तरह कर्मचारी विरोधी है, इसलिए अधिसंख्य कर्मचारी इस आंदोलन से अपने आपको अलग रखेंगे.यह निर्णय लिया गया कि कर्मचार्रियों के प्रोन्नति सम्बन्धी कार्य को को तत्काल आगे बढ़ाने को ले जल्द ही एक टीम कुलपति से मिलेगी. बैठक में नवगठित एवं मनोनीत प्रक्षेत्र संगठन की गतिविधियों से स्वयं को अलग रखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया. बैठक में बताया गया कि इस संगठन के गठन की प्रक्रिया संदेह के घेरे में है और पूरी तरह अलोकतांत्रिक है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *