भोजपुर : गंगहर मठ से चोरी गई अष्टधातु की मूर्तियों की बरामदगी के लिए एसपी से मिला शिष्टमंडल

देश

डॉ. सुरेन्द्र सागर, शाहाबाद ब्यूरो
भोजपुर जिले के आरा मुफस्सील थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगहर गांव के प्राचीन मठ की प्राचीन ठाकुरबाड़ी से
पिछले दिनों अष्टधातु से निर्मित भगवान श्री राम, माँ जानकी, भ्राता लक्ष्मण और लड्डू गोपाल की चोरी हुई बेशकीमती मूर्तियों को बरामद करने के लिए पुलिस की टीम लगातार सक्रिय है। गंगहर गांव और संबंधित पंचायत के अलावे आसपास के गाँवों के ग्रामीणों को मठ से चोरी गए मूर्तियों के बरामद होकर फिर से मठ में स्थापित किये जाने का इंतजार है। बेशकीमती मूर्तियों की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों की बेचैनी भी बढ़ने लगी हो। ग्रामीणों की आस्था को देखते हुए भोजपुर के एसपी ने एक विशेष टीम को मूर्ति बरामद करने के काम में लगाया है। एसपी स्वयं इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और पुरे जांच की प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर अष्टधातु की मूर्ति बरामदगी मामले में जांच को और तेज करने की मांग को लेकर सामाजिक एवं राजनैतिक दलों से जुड़े प्रतिनिधियों की एक टीम ने सोमवार को भोजपुर के एसपी मिस्टर राज से मुलाकात की और ग्रामीणों की मांग से उन्हें अवगत कराया। टीम में शामिल आरएसएस के यशवंत सिंह, भाजपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष दीपक सिंह, भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता, पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के प्रतिनिधि एवं पत्रकार डॉ. सुरेन्द्र सागर, रौशन पाण्डेय, आलोक सिंह सहित कुछ अन्य लोग शामिल थे।

भोजपुर जिले के आरा मुफस्सील थाना क्षेत्र के गंगहर मठ के प्राचीन ठाकुरबाड़ी से गत 18-19 की रात को चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए श्री राम, जानकी और लक्ष्मण के साथ ही लड्डू गोपाल की अष्टधातु की मूर्ति की बरामदगी की दिशा में पुलिस की जांच को और तेज करने की मांग करते हुए शिष्टमंडल के सदस्यों ने कहा कि जांच टीम के सदस्यों को वैज्ञानिक और अन्य तकनीकी आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए आस्था पर प्रहार करने वाले चोरों को गिरफ्तार कर अष्टधातु की इन बेशकीमती मूर्तियों को बरामद करने की दिशा में कार्रवाई तेज करनी चाहिए। भोजपुर के एसपी मिस्टर राज ने शिष्टमंडल के सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान बताया कि गंगहर मठ से चोरी गए की बेशकीमती मूर्तियों की चोरी का उद्भेदन करने के लिए पुलिस की टीम पूरी तरह सक्रिय है और लगातार जांच और कार्रवाई करने में जुटी है। अष्टधातु मूर्ति चोरी मामले में किये जा रहे जांच और कार्रवाई का प्रतिदिन तीन चरणों में रिव्यू किया जा रहा है। उन्होंने शिष्टमंडल के सदस्यों को आश्वस्त किया कि जांच टीम को घटनास्थल गंगहर मठ, आसपास के स्थलों और ग्रामीणों से मिलकर भी ठोस जानकारी एकत्रित करने के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि गंगहर मठ से चोरी गई मूर्तियों को बरामद करने के लिए पुलिस की विशेष टीम दिन रात जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है। बेशकीमती मूर्तियों को बरामद करने के लिए भोजपुर पुलिस कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस जांच और प्रतिदिन की जा रही कार्रवाई की समीक्षा कर रहे हैं। बता दें कि गंगहर मठ की प्राचीन ठाकुरबाड़ी से अष्टधातु की चार चार मूर्तियों के चोरी कर लिए जाने से ग्रामीणों में मायूसी छाई हुई है। लोगों की आस्था पर चोट पहुँचाने वाले चोरों के गिरफ्तार किये जाने की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों को अपने आराध्यदेव के पुनः मठ में स्थापित किये जाने का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *