
आरा कार्यालय
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को आरा शहरी क्षेत्र के मिशन रोड पकड़ी स्थित एसबी पब्लिक स्कूल के निकट एक सभागार में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं, किशोरियों और युवतियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की चर्चा हुई। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन आरा के भाजपा विधायक सह बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ,युवा रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री संजय सिंह टाइगर ने किया। उद्घाटन के बाद बतौर मुख्य अतिथि महिलाओं को सम्बोधित करते हुए बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि बिहार में साल 2005 के बाद से बनी एनडीए की सरकार ने राज्य की महिलाओं, किशोरियों और युवतियों के विकास के लिए कई कार्य प्रारम्भ किये। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर उन्हें बराबरी का अधिकार देने के उद्देश्य से सबसे पहले त्रिस्तरीय पंचायती राज के चुनाव में महिलाओं के लिए पचास प्रतिशत का आरक्षण लागू किया। आरक्षण मिलने के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं ग्राम पंचायत की मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख एवं उप प्रमुख, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष जैसे पदों पर जीत कर राज्य के विकास में पहली बार अपनी भूमिका निभाने घरों से बाहर निकली। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव एनडीए की सरकार ने किया। इसके साथ ही जन्म से लेकर शादी विवाह तक महिलाओं के लिए कई योजनाएं एनडीए की सरकार ने शुरू किया। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना से बच्चियों और युवतियों की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद की राह आसान की गई। उन्होंने कहा कि विधान सभा और लोक सभा में भी महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए सार्थक पहल की और महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार और देश में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई कार्य किये हैं। आज देश में महिलाओं के लिए आजादी और समृद्धि और बराबरी का द्वार खुल गया है। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं के लिए शुरू की गई महिला उद्यमी योजना बिहार की तस्वीर बदल कर रख देगी। इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता बलराम सिंह, चर्चित महिला नेत्री संध्या सिंह, उषा चौबे, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह सहित सैकड़ो महिलायें और भाजपा के पदाधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री सुगंधा सिंह ने किया।


