
आरा कार्यालय
भोजपुर जिले के कायमनगर स्थित तपेश्वर सिंह टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज और संस्कृति पब्लिक स्कूल के भव्य सभागार में शुक्रवार को सहकारिता सम्राट और पूर्व सांसद स्व. तपेश्वर सिंह का पुण्यतिथि समारोह धूम धाम से मनाया गया। तपेश्वर सिंह स्मृति संस्थान के बैनरतले आयोजित इस समारोह का उद्घाटन वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डॉ. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी,पूर्व कुलसचिव प्रो.डॉ.धीरेन्द्र कुमार सिंह,टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के सचिव पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह, प्रख्यात चिकित्सक डॉ. गायत्री सिंह, डॉ. माधुरी सिंह और डॉ. आलोक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और स्व. तपेश्वर सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की।इस अवसर पर आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा को बतौर मुख्य अतिथि और केरल एवं नागालैंड के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार ने सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि स्व. तपेश्वर सिंह का व्यक्तित्व वृहद था। उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया। सहकारिता के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत की और देश के किसानों को आर्थिक रूप से सम्पन्न होने और भारत को आर्थिक रूप से विकास की राह पर आगे बढ़ने की ठोस एवं दूरदर्शी पहल की। सहकारिता से पुरे राष्ट्र के किसानों को एक सूत्र में बांधकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि स्व. तपेश्वर सिंह ने आज से कई दशक पहले नारी शिक्षा के महत्व को समझ लिया था और महिला सशक्तिकरण के सपने को साकार करने के लिए जगह जगह महिला महाविद्यालयों की स्थापना की। महिलाओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए कई कार्य किये। उन्होंने कहा कि स्व. तपेश्वर सिंह के इन्ही कार्यों को जनता ने पसंद किया और उन्हें सीधे सांसद चुनकर देश की संसद में भेजा। उनके किये गए कार्य को आने वाली कई पीढ़ियां याद रखेंगी। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी ने सभा के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्व. तपेश्वर सिंह बहुआयामी प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे। उनकी गिनती महापुरुषो में की जाती है। आज राज्य और केंद्र की सरकार “बेटी बचाओ -बेटी पढ़ाओ” का नारा दे रही है, बेटियों को आगे बढ़ने के लिए कई योजनाएं चला रही है लेकिन स्व. तपेश्वर सिंह ने कई दशक पहले बेटियों को उच्च शिक्षा ग्रहण कर देश के नव निर्माण में अपनी भूमिका तय करने की पृष्ठभूमि तैयार कर दी थी। सभा को सम्बोधित करते हुए वीकेएसयू के पूर्व कुलसचिव प्रो. डॉ. धीरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता सम्राट स्व. तपेश्वर सिंह ने जनसेवा, राजनीति और समाजसेवा के साथ साथ नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी कई कार्य किये और आधी आबादी को देश के विकास में योगदान देने के लिए आगे आने का मार्ग प्रशस्त किया था। आज उनका सपना साकार हो रहा है और कई दशक पहले जो सपना उन्होंने देखा था उसी सपने को पूरा करने में आज देश और प्रदेश की सरकारें भी लगी हुई है।

इस दौरान “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में नई शिक्षा नीति’ विषय पर एक सेमिनार का भी आयोजन हुआ जिसमें कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये।समारोह को वीकेएसयू के छात्र कल्याण अध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने भी सम्बोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन तपेश्वर सिंह टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वीणा पाण्डेय एवं प्रो. उमेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ नेहरू जी ने किया। आगत अतिथियों का स्वागत एवं समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. सत्यदेव सिंह, प्रो. राणा संतोष सिंह,सुनील कुमार सिंह,डॉ. अमित उपाध्याय, शिवकुमार सिंह, सत्यप्रकाश राय , बीरेंद्र मिश्रा, अजय कुमार तिवारी उर्फ मुनमुन तिवारी, भरत सिंह सहयोगी, वीरेन्द्र सिंह गौतम, दीपक तिवारी,एसके पांडेय, संस्कृति पब्लिक स्कूल के प्राचार्य नितेश कुमार, सुमन कुमारी,राहुल सिंह, अभिषेक, रोशन सिंह, लक्ष्मी सिंह, अमरेश मिश्रा, शिवांगी सिंह, अशोक सिंह,पियुष,विशाल, प्रो.डॉ.इन्द्राणी सिंह, प्रो. डॉ. निभा परमार, प्रो. डॉ. अनुभा सिंह, प्रो. उर्मिला सिंह, प्रो. डॉ. रागिनी कुमारी, प्रो. सीमा कुमारी, प्रो. रामेश्वर सिंह, प्रो. अशोक कुमार सिंह, प्रो. बिजेंद्र पाठक, प्रो. शिव शक्ति, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. विजय कुमार सिंह, दिलीप कुमार, अशोक सिंह अनिल सिंह, ,ममता और श्वेता समेत सैकड़ो विद्वान, शिक्षाविद, कर्मी एवं समाजसेवी शामिल थे।

