
शाहाबाद ब्यूरो
भारतीय जनता पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा ने भोजपुर जिले के कोइलवर प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव के आवास पर भाजपा का झंडा लगाकर पार्टी के सुशासन, जनसेवा और राष्ट्रवाद के संकल्पों को निरंतर आगे बढ़ाने और पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को एक बार फिर घर घर तक पहुँचाने को लेकर शंखनाद किया।भाजपा के स्थापना दिवस के दिन अपने पैतृक गांव स्थित आवास पर पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा ने अपने घर की छत पर भाजपा का झंडा लहराते हुए कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दिन दयाल उपाध्याय ने राष्ट्रवाद आधारित राजनीति का जो सपना देखा था वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। दोनों ही महापुरुषों का बलिदान आज रंग लाया है और आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर सामने आई है। 47 सालों के संघर्षपूर्ण सफर में कार्यकर्ताओं ने अपना खून पसीना बहा कर भाजपा को ताकत दी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व दिया। आज देश एक साथ विकास और सेवा आधारित राजनीति को आगे बढ़ाने में जुटा हुआ है। राज्य और केंद्र की सरकार एक तरफ जहां सबका साथ -सबका विकास के नारे के साथ सैकड़ों जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है वहीं अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की पुनर्वापसी कराकर खोई हुई विरासत को भी जमीन पर खड़ा कर रही है।अयोध्या में जन्मभूमि पर राम लल्ला का मंदिर बनाकर भाजपा ने अपना संकल्प पूरा किया तो देश की महिलाओं और बेटियों का सुहाग उजाड़ने वालों के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत कहर बरपा कर पाकिस्तान की जमीन हिला कर रख दी।उन्होंने कहा कि भाजपा का एक एक कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुँचाने में जुटा हुआ है।

