नीतीश कुमार से बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने मुलाकात की

देश


पटना: बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से रविवार को उनके आवास पर मुलाकात की। प्रो नंदन ने इस मुलाकात को एक अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव बताया है। उन्होंने कहा कि यह भेंट उनके जीवन के उन दुर्लभ क्षणों में शामिल हो गई, जिन्हें शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना आसान नहीं होता।
प्रो. नंदन के अनुसार, समय के साथ भले ही पद में परिवर्तन आया हो, लेकिन नीतीश कुमार के व्यक्तित्व की गहराई, विचारों की स्थिरता और व्यवहार की आत्मीयता आज भी पहले जैसी ही प्रभावशाली बनी हुई है। बातचीत के दौरान उनकी वही सहजता, गंभीरता और जनकल्याण के प्रति समर्पित दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से सामने आया।
उन्होंने बताया कि पद छोड़ने के बाद यह उनकी पहली मुलाकात थी, लेकिन इस दौरान ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि समय ने कोई दूरी पैदा की हो। उनके सान्निध्य में एक अभिभावक का स्नेह, एक मार्गदर्शक की दृढ़ता और एक सच्चे जनसेवक की संवेदनशीलता का अनुभव हुआ।
प्रो. रणबीर नंदन ने इस मुलाकात को केवल औपचारिक नहीं, बल्कि आत्मिक जुड़ाव का सशक्त अनुभव बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने एक बार फिर साबित किया है कि सच्चा नेतृत्व पद और सत्ता से नहीं, बल्कि विचारों, मूल्यों और आचरण से स्थायी बनता है।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि नीतीश कुमार स्वस्थ और दीर्घायु रहें तथा अपनी दूरदर्शी सोच और अनुभव से समाज और राष्ट्र को आगे भी दिशा देते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे संतुलित, संवेदनशील और सिद्धांतनिष्ठ नेतृत्व की आवश्यकता केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश को है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *