शाहाबाद ब्यूरो
कोइलवर प्रखंड के बहियारा गांव स्थित पैतृक आवास पर भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आरके सिन्हा और उनकी धर्म पत्नी श्रीमती रीता किशोर सिन्हा की प्रेरणा और आशीर्वाद से उनके पुत्र और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और पुत्र वधू श्रीमती पल्लवी सिन्हा के द्वारा दक्षिण भारतीय शिल्पकला पर आधारित श्री बालाजी -नृसिंह मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के तीन दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे और अंतिम दिन मंदिर में स्थापित श्री बालाजी का अभिषेक का अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान के अंतिम दिन श्री महालक्ष्मी जी, लक्ष्मी नृसिंह जी, राम दरबार में स्थापित श्री राम चंद्र जी, सीता जी, लक्ष्मण जी और हनुमान जी, मंदिर में स्थापित बजरंग बली जी, श्री गणपति जी की मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान भी सम्पन्न हो गया। दक्षिण भारत के तमिलनाडु से आए वेदों के 40 विद्वान शास्त्रीयों की टीम ने वेद मंत्रों की गूंज के बीच मंदिर में स्थापित सभी देवी देवताओं के प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान के धार्मिक कार्यक्रम को पूरा किया। मंदिर में स्थापित श्री बालाजी -नृसिंह भगवान और श्री महालक्ष्मी जी सहित सभी देवी देवताओं के प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर पूरा बहियारा गांव धर्म और आस्था का केंद्र बना हुआ है।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा, उनकी धर्म पत्नी श्रीमती पल्लवी सिन्हा और माँ श्रीमती रीता किशोर सिन्हा के साथ ही उनके छोटे चाचा श्री सत्येंद्र किशोर सिन्हा और परिवार के कई अन्य सदस्य श्री बालाजी -नृसिंह मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर देश के अलग अलग हिस्सों से बहियारा स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे हुए हैं। परिवार के कुछ सदस्य अमेरिका और अन्य देशों से भी आकर प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में शामिल हुए हैं और सभी ने पूजा अर्चना की है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा के आमंत्रण पर बिहार और देश की जानी मानी हस्तियों का भी बहियारा में लगातार तीन दिनों से आना जाना जारी है।प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान के अंतिम दिन शनिवार को भी बड़हरा के विधायक और पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, औरंगाबाद के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पंकज पासवान, डुमराँव राजघराने के महाराज शिवांग विजय सिंह, शाहपुर की पूर्व विधायक श्रीमती मुन्नी देवी, जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार सहित कई विधायकों, मंत्रियों और पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सहित देश और प्रदेश की जानी मानी हस्तियों ने बहियारा पहुंचकर पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आरके सिन्हा एवं ऋतुराज सिन्हा के पैतृक आवास पर बने नव निर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पूजा अर्चना की। सर्व धर्म समाज के सन्त कबीर दास ब्रह्मचारी, मौनी बाबा सोनपुर मठाधीश, रामशंकर शास्त्री जी लालगंज बाजार, सीता रामेश्वर दास, वैशाली आदि संतों का भी बहियारा में आगमन हुआ है। रविवार को होगा मुख्य समारोह एवं महाप्रसाद वितरण -भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आरके सिन्हा के प्रतिनिधि डॉ. सुरेन्द्र सागर ने बताया कि रविवार 12 अप्रैल को मंदिर परिसर में ही मुख्य समारोह का आयोजन होगा और पुरे दिन महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा के आमंत्रण पर बड़ी संख्या में राजनैतिक दलों प्रतिनिधि, एनडीए के विधायक, बिहार सरकार के मंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी,जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा,भाजपा और एनडीए के नेतागण बहियारा आएंगे और श्री बालाजी -नृसिंह मंदिर का दर्शन कर पूजा अर्चना के बाद महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई है।

