
डॉ. सुरेन्द्र सागर, आरा (बिहार)
भोजपुर जिले के खिलाडियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को लेकर भारतीय रेलवे वित्त निगम ने खिलाडियों को प्रोत्साहित करने की पहल शुरू की है। भारतीय रेलवे वित्त निगम के चेयरमैन, सीईओ और सीएमडी मनोज कुमार दूबे ने आईआरएफसी के सीएसआर निधी से लाखों रुपये की खेल सामग्री भेंट कर जिले के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया है। गाँधी जयंती के अवसर पर स्थानीय आरा शहरी क्षेत्र के महाराजा कॉलेज के खेल मैदान में हॉकी एशोसिएसन ऑफ भोजपुर के बैनरतले आयोजित हॉकी खेल के मैच में शामिल होने पहुंचे भारतीय रेलवे वित्त निगम के
चेयरमैन, सीईओ और सीएमडी मनोज कुमार दूबे ने न सिर्फ खिलाड़ियों को लाखों रुपये की खेल सामग्री भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया बल्कि आगे भी उन्हें आगे बढ़ने में हर तरह की मदद का भरोसा दिया। हॉकी के मैच का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने किया। इस अवसर पर मनोज कुमार दूबे ने एसपी को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया।
मैच शुरू होने के पूर्व आईआरएफसी के चेयरमैन, सीईओ और सीएमडी मनोज कुमार दूबे और एसपी अवधेश दीक्षित ने बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और मैच की समाप्ति पर दोनों वर्ग की दोनों टीमों क्रमशः आरा और बिहियाँ के खिलाड़ियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया।

गाँधी जयंती के अवसर पर आयोजित हॉकी मैच के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए भारतीय रेलवे वित्त निगम के चेयरमैन, सीईओ और सीएमडी मनोज कुमार दूबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “खेलेंगे तो खिलेंगे” के नारे को धरातल पर उतारने के लिए हम कृतसंकल्पित हैं। खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी भी देश के भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में वे अपनी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने महाराजा कॉलेज के खेल मैदान को विकसित करने के लिए बड़ी योजना को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया और कॉलेज की प्राचार्या से इस संबंध में बातचीत कर उनसे इस संबंध में प्रस्ताव मांगे।

इस अवसर पर भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद भोजपुर के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यहां के लोगों से खासकर युवा वर्ग से अपील की कि वे सूखे नशे के खिलाफ पुलिस के चलाये जा रहे अभियान से जुड़ें और जिले को नशामुक्त करने में अपनी भूमिका तय करें।

भारतीय रेलवे वित्त निगम के सहयोग के इस कार्यक्रम में जिले के सुप्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी जितेन्द्र कुमार दूबे, बार एशोसिएसन के सचिव मनमोहन ओझा उर्फ पप्पू ओझा, पूर्व छात्र नेता एवं प्रोफेसर डॉ. सुरेन्द्र सागर उपस्थित थे। खेल के आयोजन में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मंगलम पाण्डेय, छात्र युवा प्रतिनिधि प्रतीक विराट और आयोजन से जुड़े कुंदन कुमार जुटे हुए थे, जबकि खिलाड़ियों में प्रियंका, रानी राज, साक्षी कुमारी,निशा कुमारी समेत दर्जनों बालक और बालिका वर्ग से जुड़े खिलाड़ी मौजूद थे।वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के पीटीआई यशवंत सिंह भी पुरे समारोह के दौरान उपस्थित थे।


