*बिहार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए मांगी मंगलकामना,रणबीर नंदन ने धार्मिक न्यास पर्षद के नए भवन निर्माण हेतू किया आग्रह
पटनाः शनि जयंती एवं अमावस्या के दुर्लभ संयोग पर शनिवार को राजधानी पटना स्थित गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की तथा राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
बताया जाता है कि 13 वर्षों बाद शनि जयंती अमावस्या के विशेष संयोग में पड़ने के कारण इस अवसर का धार्मिक महत्व और भी बढ़ गया था। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था तथा श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा एवं आरती की। इसके बाद भगवान शंकर का रुद्राभिषेक, राम दरबार पूजन, दुर्गा दरबार पूजन, भगवान चित्रगुप्त एवं मां दक्षिण काली की विशेष आराधना संपन्न की गई। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद एवं गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति के अध्यक्ष तथा पूर्व विधान पार्षद प्रो. रणबीर नंदन ने मुख्यमंत्री का शॉल एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर का महाप्रसाद ‘खिचड़ी’ भी ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. रणबीर नंदन ने मुख्यमंत्री को एक आवेदन पत्र सौंपते हुए गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी के समीप खाली पड़ी सरकारी जमीन पर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के नए भवन निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान पर्षद भवन जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिससे मठ-मंदिरों से जुड़े कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि नया भवन मंदिर परिसर से सटे सरकारी भूखंड पर बनाया जाता है तो साधु-संत समाज एवं श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए शीघ्र नए भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक डॉ. संजीव चौरसिया समेत कई गणमान्य लोग, वट सावित्री पूजन में शामिल सैंकड़ों महिलाएं,मंदिर समिति के सदस्य, साधु-संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।

