भोजपुर से मथुरा पहुंचे संतश्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति को लेकर संतों ने बनाई रणनीति

धर्म ज्योतिष

मथुरा–परमपूज्य संतश्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज अपने शिष्यों के साथ शुक्रवार को भोजपुर से मथुरा पहुंचे। मथुरा पहुंचने के बाद उन्होंने जुलेंदी स्थित चित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त महाराज से मुलाकात की। इस दौरान स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त महाराज ने संतश्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज का जोरदार स्वागत किया और उनसे आशीर्वाद लिया।दोनों संतों के बीच धार्मिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने को लेकर आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत, शिष्य और श्रद्धालु मौजूद रहे। संतों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने और इससे जुड़े विषय को लेकर समाज को एकजुट करने और शांतिपूर्ण तरीके से धार्मिक जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा की। इस दौरान मथुरा की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा के साथ भोजपुर से आए संतों के जुड़ाव को लेकर भी बातचीत हुई।

संतश्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज ने कहा श्रीकृष्ण की जन्मभूमि केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनियों की श्रद्धा और भावना से जुड़ा विषय है। हम चाहते हैं कि इस विषय पर समाज जागरूक और संगठित हो। इसके लिए साधु-संतों के मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। हमारा उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि अपनी धार्मिक आस्था और परंपरा के प्रति समाज को जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि देशभर के संतों और श्रद्धालुओं को एक मंच पर लाकर इस विषय पर व्यापक स्तर पर चर्चा की जरूरत है। वहीं, डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त महाराज ने भी संतश्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज का स्वागत करते हुए धार्मिक और सामाजिक विषयों पर संत समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मुलाकात के दौरान सच्चिदानंद ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विषय पर आगे की गतिविधियों को संत समाज के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ शीला और अखंड दीप भोजपुर समेत पूरे बिहार में भ्रमण कराया जाएगा। जो भी कृष्ण भक्त है अखंड दीप से दीप जलाकर अपने घरों में रख सकते है। यह अखंड दीप जबतक जलेंगे जबतक मथुरा में कृष्णभूमि मुक्त नहीं हो जाती। भोजपुर से मथुरा पहुंचे संतश्री देवराहा शिवनाथ जी महाराज के इस दौरे को धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *