वाणिज्य महाविद्यालय में दिसंबर में होगा भव्य पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह

देश

-हर तीन माह में पूर्ववर्ती छात्रों की कमिटी की बुलाई जाएगी बैठक

  • पूर्ववर्ती छात्रों व अवकाश प्राप्त शिक्षकों को किया जाएगा सम्मानित
  • पूर्ववर्ती मिलन समारोह में कुछ इंडोर गेम का भी होगा आयोजन

पटना। वाणिज्य महाविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों को एक मंच पर लाने और कॉलेज के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुहेली मेहता के नेतृत्व में पूर्ववर्ती छात्रों की पहली बैठक शनिवार को आयोजित की गई, जिसमें दिसंबर में बड़े स्तर पर पूर्ववर्ती छात्र मिलन समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में शामिल पूर्व छात्रों ने समारोह को यादगार बनाने के साथ-साथ महाविद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्ववर्ती छात्रों को लगातार कॉलेज से जोड़कर रखने के लिए हर तीन माह पर बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पूर्व छात्रों के लिए स्पोर्ट्स मीट समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है। समारोह के दौरान महाविद्यालय के सबसे वरीय पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कॉलेज के अवकाश प्राप्त शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से महाविद्यालय से जुड़े पुराने विद्यार्थियों और शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने की पहल की जाएगी।
बैठक में पूर्व मंत्री श्याम रजक, वर्ष 1964 के पूर्ववर्ती छात्र नवल किशोर भगत, वर्ष 1978 के अंजनी कुमार श्रीवास्तव, वर्ष 1994 के सुदर्शन नाग राज और योगेन्द्र कुमार जुग्ल, डॉ. राकेश कुमार तथा वर्ष 1984 के इंतेखाब आलम समेत कई पूर्ववर्ती छात्र शामिल हुए। पूर्व छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय से उनका पुराना और भावनात्मक जुड़ाव है। कॉलेज के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास के लिए वे अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव सहयोग करेंगे।
पूर्ववर्ती छात्र संघ के गठन और उसे व्यवस्थित स्वरूप देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पूर्व छात्र संघ का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं आजीवन सदस्यता लेने के लिए महाविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। पूर्ववर्ती छात्र ऑनलाइन माध्यम से सदस्यता लेकर संघ से जुड़ सकते हैं।
प्राचार्य प्रो. सुहेली मेहता ने कहा कि महाविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र उसकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग वर्तमान विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। प्रयास है कि देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महाविद्यालय के पूर्व छात्रों को एक साझा मंच पर लाया जाए और उनके अनुभवों का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों को मिले। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती छात्रों के सहयोग से महाविद्यालय के विकास को नई गति दी जा सकती है। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से पूर्ववर्ती छात्रों से संघ की सदस्यता लेने और कॉलेज से निरंतर जुड़े रहने की अपील की गई है। सदस्यता के लिए vanijy mahavidyalaya.in पर फॉर्म उपलब्ध है। दिसंबर में प्रस्तावित मिलन समारोह को लेकर भी तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *