पूर्णियाः पूर्णिया में आयोजित महागठबंधन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि रंगभूमि मैदान में 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था। यह जुमला था, जो बिहार में काम करने वाला नहीं है। 2022 में पक्के मकान बना देंगे, 2 करोड़ रोजगार देंगे, एक भी काम नहीं हुआ। अभी जो देश का बजट आया, उसमें बिहार को कुछ नहीं मिला। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा में कोई लीडर नहीं, सब डीलर हो गए हैं। जो भाजपा के साथ है वो राजा हरिशचंद्र और जो उसके खिलाफ है उसके वहां छापे पड़ते हैं। मगर नीतीश कुमार भाजपा से डरे नहीं और लड़े। लालू प्रसाद जी के बनाए महागठबंधन के साथ आ गए और भाजपा को सीख सिखाई। उन्होंने महाराष्ट्र जैसी साजिश बिहार में नाकाम कर दी। जैसे बिहार में महागठबंधन है वैसे ही देश में गठबंधन है। यानी कि देश में अनेकता में एकता है। अलग-अलग पार्टियां हैं, अलग-अलग विचारधारा है। झंडे का रंग अलग है, मगर हम एक हैं। यही हमारी ताकत और पहचान है। आप लोगों की दुआ से लालू यादव ठीक होकर हमारे बीच आए। उन्होंने कभी भी सांप्रदायिक शक्तियों के सामने घुटने नहीं टेके। उन्हें कितना भी तंग किया गया, लेकिन वे डरे नहीं।

