
शाहाबाद ब्यूरो
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही नितिन नबीन दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व बन गए हैं। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के तुरंत बाद अपने सम्बोधन में नितिन नबीन को यह कहकर चौंका दिया कि मैं भाजपा का एक कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन मेरे बॉस हैं। यानि सरकार से बड़ी पार्टी है और पार्टी का कार्यकर्ता ही सरकार की रीढ़ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दे दिया कि भाजपा का वॉच टावर बहुत मजबूत है और उसकी नजर एक एक कार्यकर्ताओं के काम पर है।
नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खुशी को एक यादगार और ऐतिहासिक पल बताते हुए भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता और भाजयुमो के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुरेन्द्र सागर ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का यह फैसला एक नए और नवीन युग की शुरुआत है।उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक दूरगामी और दूरदर्शी रणनीति के तहत बिहार के लाल नितिन नबीन को भाजपा के संगठन में सबसे बड़ी जिम्मेदारी देकर साफ कर दिया है कि वह यूथ और युवा नेतृत्व के सहारे भारत को दुनिया में अग्रणी देशों की कतार में खड़ा करना चाहती है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहते नितिन नबीन के साथ प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य के रूप में उनके साथ कार्य करने वाले डॉ.सुरेन्द्र सागर ने कहा कि नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने साफ संदेश दे दिया है कि पार्टी के भीतर लगन और ईमानदारी से कार्य करके कोई भी कार्यकर्त्ता शीर्ष तक पहुँच सकता है। यही नहीं अब पार्टी युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के सहारे नई ऊर्जा के साथ भाजपा को नया स्वरुप देने में सफल भी होगी। नई पीढ़ी के साथ आज की भाजपा नए नेतृत्व के सहारे देश और दुनिया में भारत की विजय पताका लहराएगी।उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना देश के कार्यकर्ताओं में उम्मीद का नया सवेरा लेकर आया है।


