पूर्णियाः पूर्णिया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संबोधित करते हुए कहा कि सातों पार्टियों ने मिलकर तय किया कि हम पहली सभा पूर्णिया में ही करेंगे। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह आकर भाषण दिए थे, आज कहीं और जाकर भाषण दे रहे हैं। इनका क्या अनुभव है। ये अपनी पार्टी के नेताओं को भी नहीं जानते हैं। भाजपा ने मीडिया पर कब्जा कर दिया है। कोई भी काम देशहित में नहीं हो रहा है। कहीं जाएंगे कि कुछ न कुछ बोलते रहते हैं। श्री अमित शाह जी आए थे तो क्या-क्या बोले, बिहार के विकास का कोई काम नहीं किया। जो 2015 विधानसभा चुनाव से पहले जो घोषणा किए थे, वो पूरी ही नहीं हुई। नीतीश कुमार ने पूर्णिया में कहा कि यहां पर एयरपोर्ट बनना था, लेकिन नहीं बना। लोगों को आने के लिए रास्ता तय किया। हम जमीन देने के लिए तैयार हैं। लेकिन केंद्र के लोग एयरपोर्ट का काम शुरू नहीं कर रहे हैं। श्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2024 में विपक्षी मोर्चेबंदी के लिए हम कांग्रेस पार्टी का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी जल्दी फैसला ले। 2024 में एकजुट हो जाएंगे तो भाजपा 100 सीट भी नहीं ला पाएगी। अगर जल्दी नहीं करेंगे तो नुकसान होगा। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अपने भाषण में भाजपा के आरोपों का पलटवार किया। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा वाले उनपर स्व0 शरद यादव जी और स्व0 जॉर्ज फर्नांडिस जी को साइडलाइन करने के आरोप लगा रहे हैं। जो कि पूरी तरह गलत है। स्व0 शरद यादव 2009 में चुनाव हार गए थे, तो भी पार्टी नें उन्हें राज्यसभा से भेजा था। स्व0 जॉर्ज फर्नांडिस पार्टी में सक्रिय रहे। तबीयत खराब हो गई इसलिए सक्रियता कम हो गई। दूसरी ओर, भाजपा वालों ने श्री लालकृष्ण आडवाणी जी और श्री मुरली मनोहर जोशी जी सरीखे नेताओं को साइडलाइन कर दिया है। अल्पसंख्यकों को एकजुट रहना होगा। इधर-उधर नहीं करना है। भाजपा मुसलमानों को बांटने का काम कर रही है। एआईएमआईएम के लोग अंदर से मिले हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भाषण के बीच शिक्षक अभ्यर्थियों ने बहाली की मांग को लेकर नारेबाजी करना शुरू कर दिया। तभी सीएम भड़क गए। उन्होंने कहा कि यहां क्यों आए हो। क्या आपको मालूम है कि बिहार में कितने शिक्षकों की बहाली हुई और कितनों की होने वाली है। चिंता मत करो बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भाषण खत्म हो गया है। उन्होंने अपने संबोधन के आखिरी में कहा कि पूर्णिया से शुरुआत हुई है। अब महागठबंधन की एकजुटता बहुत आगे तक जाएगी।
