भोजपुर की बिटिया के UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता पर गांव में जश्न का माहौल

देश


शाहाबाद ब्यूरो: यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2022 में भोजपुर जिले की अक्षिता निधि ने 421 वां रैंक लाकर जिले का नाम रौशन कर दिया है।अक्षिता निधि भोजपुर जिले के तरारी प्रखण्ड स्थित कुसम्ही गांव की निवासी हैं।उन्होंने कड़ी मेहनत और तैयारी के दम पर यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा को फतह किया है।अक्षिता निधि की यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में 421 वां रैंक आने पर उनके गांव कुसम्ही में जश्न का माहौल है।उनके घर पहुंचकर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अक्षिता निधि के पारिवारिक सदस्य विजेंद्र तिवारी ने गुरुवार को बताया कि अक्षिता की प्रारंभिक शिक्षा झारखंड के बोकारो स्थित संत जेवियर्स स्कूल से हुआ था और उन्होंने वर्ष 2012 में मैट्रिक और वर्ष 2015 में इंटर की परीक्षा पास की थी।इंटर में उन्होंने पूरे झारखण्ड में सेकंड टॉपर बनकर झारखण्ड का नाम भी ऊंचा किया था। अर्थशास्त्र विषय से स्नातक की पढ़ाई सत्र 2014-17 के तहत दिल्ली यूनिवर्सिटी के राम कॉलेज से पूरी की।
अक्षिता झारखंड के साहिबगंज जिले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रह चुके बंशीधर तिवारी की पुत्री हैं।उन्होंने बताया कि बंशीधर तिवारी वर्तमान में लोहरदगा के जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष हैं और रांची में रहते हैं।
अक्षिता के छोटे भाई शुभम तिवारी बिहार न्यायिक सेवा के अधिकारी हैं और वर्तमान में दानापुर अनुमंडल न्यायालय में पदस्थापित हैं।
अक्षिता की सफलता पर बधाई देने वालो में सामाजिक कार्यकर्ता बिजेंद्र तिवारी, परशुराम तिवारी,कमलावती देवी,प्रियंका तिवारी, मदन मोहन पांडेय समेत कई लोग शामिल हैं।
पूरे कुसम्ही गांव में अक्षिता निधि की यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता पर खुशी की लहर है और लोग गांव में रह रहे उनके परिवार के सदस्यों से मिलकर बधाई देने में लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *